भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट का तीसरा दिन भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा। केएल राहुल और शुभमन गिल ने शानदार पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं, ऋषभ पंत ने भी अपने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतक जड़ा।
उनकी 55 रन की नाबाद पारी ने भारत को बढ़त दिलाने के साथ ही दो बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दिला दिए। न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रन पर सिमटी थी। इसके जवाब में भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट पर 486 रन बना लिए।
टीम को पहली पारी में 118 रन की बढ़त मिल गई। केएल राहुल ने 290 गेंदों पर 136 रन की शानदार पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल ने 80 रन बनाए और राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 165 रन जोड़े।
कप्तान शुभमन गिल 98 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पंत ने मोर्चा संभाला और गिल के साथ चौथे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की। पंत 62 गेंदों पर 55 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पंत अब विदेशी टेस्ट मैचों में विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने एमएस धोनी और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ दिया। धोनी ने विदेशी टेस्ट में 2496 रन बनाए थे, जबकि गिलक्रिस्ट के नाम 2512 रन थे।
पंत के खाते में अब 36 विदेशी टेस्ट की 63 पारियों में 2544 से ज्यादा रन हो गए हैं। पंत ने इस पारी के दौरान वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 3000 रन भी पूरे कर लिए। वह शुभमन गिल के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने।
इसके साथ ही पंत WTC इतिहास में 3000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज बन गए। विदेशी टेस्ट में विकेटकीपर के तौर पर सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड हालांकि एडम गिलक्रिस्ट के नाम है। उनके 10 शतकों के मुकाबले पंत के नाम 6 शतक हैं।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं