न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय टीम ने तीसरे दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। पहली पारी में मेजबान टीम को 368 रन पर समेटने के बाद भारतीय बल्लेबाजों ने करारा जवाब दिया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 4 विकेट पर 468 रन बना लिए थे।
टीम के पास अब 118 रन की बढ़त है। दिन में केएल राहुल ने शतक लगाया, जबकि कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने भी अहम पारियां खेलीं। तीसरे दिन सबसे ज्यादा चर्चा शुभमन गिल की 98 रन की पारी की रही।
वह अपना शतक पूरा करने से महज दो रन दूर रह गए लेकिन इस दौरान उन्होंने पूर्व कप्तान एमएस धोनी का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। गिल अब न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट में भारतीय कप्तान के तौर पर चौथी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड में धोनी को पछाड़ा शुभमन गिल ने 98 रन की पारी खेलकर न्यूजीलैंड में भारतीय टेस्ट कप्तानों के सर्वोच्च स्कोर की सूची में एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया।
धोनी ने 2014 में वेलिंगटन में कप्तानी करते हुए 68 रन बनाए थे। वहीं गिल ने उसी मैदान पर 98 रन बनाकर चौथा स्थान हासिल कर लिया। इस सूची में मोहम्मद अजहरुद्दीन का दबदबा है।
उन्होंने 1990 में ऑकलैंड में 192 रन की पारी खेली थी। सुनील गावस्कर 116 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अजहरुद्दीन ने 1998 में वेलिंगटन में नाबाद 103 रन भी बनाए थे।
नर्वस 90 में आउट होने के मामले में धोनी सबसे आगे गिल ने भले ही धोनी का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया, लेकिन 98 रन पर आउट होने के कारण वह एक खास सूची में भी शामिल हो गए। भारतीय टेस्ट कप्तानों में नर्वस 90 का सबसे ज्यादा शिकार एमएस धोनी हुए हैं। वह चार बार 90 से 99 रन के बीच आउट हुए।
सचिन तेंदुलकर के साथ ऐसा दो बार हुआ, जबकि नारी कॉन्ट्रैक्टर, एमएके पटौदी, अजित वाडेकर, कपिल देव, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, विराट कोहली और शुभमन गिल एक-एक बार इस अनचाही सूची में शामिल हैं। राहुल का शतक, पडिक्कल और पंत ने भी दिया साथ भारतीय पारी में केएल राहुल सबसे बड़े बल्लेबाज बनकर उभरे।
उन्होंने 136 रन की शानदार पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। देवदत्त पडिक्कल ने भी 80 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। वहीं ऋषभ पंत ने अपने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 62 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए।
उनकी पारी में 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 468/4 था और टीम न्यूजीलैंड पर 118 रन की बढ़त हासिल कर चुकी थी। अब चौथे दिन भारतीय टीम की कोशिश इस बढ़त को और बड़ा करने की होगी।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं