सुप्रीम कोर्ट ने तिरुप्परनकुंद्रम दीपथून पर दीपक न जलाने को लेकर तमिलनाडु के अधिकारियों पर गहरी नाराजगी जताई और मुख्य सचिव सहित अन्य को अवमानना नोटिस जारी किया। सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून पर कार्तिगई दीप जलाने का दिया आदेश (फाइल फोटो) सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून पर दीपक न जलाने पर नाराजगी जताई।
तमिलनाडु के मुख्य सचिव सहित अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी। मंदिर ट्रस्टी निलंबित, 28 नवंबर को दीपक जलाने का आदेश। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश के बावजूद तिरुप्परनकुंद्रम दीपथून (दीप स्तंभ) पर दीपक नहीं जलाए जाने पर शुक्रवार को गहरी नाराजगी जताते हुए तमिलनाडु के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
कोर्ट ने आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने पर तमिलनाडु के मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी कर कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है। इतना ही नहीं शीर्ष अदालत ने अधिकारियों के आचरण पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि अधिकारियों ने राजनीतिक आकाओं के निर्देश पर काम किया है।
अब समय आ गया है कि ऐसी स्थितियों से सख्ती से निपटा जाए, वरना इससे संवैधानिक अराजकता पैदा हो सकती है। इसके साथ ही कोर्ट ने शनिवार (28 नवंबर) को दीपथून पर कार्तिगई दीप जलाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि हर भक्त विवादित जगह पर पास की दरगाह से चारों तरफ कम से कम 50 मीटर की दूरी रखते हुए दीपक जला सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने सुब्रामण्यम स्वामी मंदिर के ट्रस्टियों को भी निलंबित कर दिया है और हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन एवं वी. पार्थीबन को मंदिर ट्रस्ट का रिसीवर नियुक्त किया है।
वे ही कोर्ट के आदेश का अनुपालन करते हुए 28 नवंबर को दीपक जलाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही शीर्ष अदालत ने मंदिर के आसपास की सुरक्षा सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) को सौंप दी है। सीआरपीएफ दरगाह की भी सुरक्षा करेगी और यह भी देखेगी कि वहां आने वाले मुस्लिम श्रद्धालुओं को न तो कोई दिक्कत हो और न ही उन्हें नमाज पढ़ने से रोका जाए।
सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के आदेश पर पूर्व में लगाई गई अंतरिम रोक समाप्त कर दी है। जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने दीपक जलाने के सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश की अवहेलना पर अवमानना कार्यवाही शुरू करने की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई के बाद ये आदेश दिए।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं