पटना, 24 नवंबर: बिहार में जमीन विवादों के निपटारे को आसान, पारदर्शी और तेज बनाने के लिए राज्य सरकार ने डिजिटल व्यवस्था की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार, 23 नवंबर को राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के तहत राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई व्यवस्था का लोकार्पण किया।
इस नई व्यवस्था के तहत अब पक्षकार घर बैठे मोबाइल, कंप्यूटर या अन्य डिजिटल माध्यमों से जमीन से जुड़े मामलों की सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। जनगणना 2011 के जनसंख्या घनत्व के आंकड़ों , बिहार देश का सबसे घनी आबादी वाला राज्य है। अधिक जनसंख्या और सीमित भूमि उपलब्धता के कारण यहां हर साल बड़ी संख्या में जमीन विवाद सामने आते हैं।
ऐसे मामलों में दस्तावेजों की जटिलता, बार-बार तारीख पड़ना, अदालतों में लंबित मामलों का बोझ और लंबी कानूनी प्रक्रिया के चलते सुनवाई में देरी होती है। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार ने राजस्व और भूमि विवादों की सुनवाई को डिजिटल बनाने की पहल की है।
सरकार का उद्देश्य आम लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों और न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। अब तक राजस्व न्यायालयों में जमीन, दाखिल-खारिज, परिमार्जन और अन्य राजस्व विवादों की सुनवाई के लिए पक्षकारों को अक्सर अदालत या संबंधित कार्यालय जाना पड़ता था। सुनवाई की तारीख जानने, दस्तावेज जमा करने और मामले की स्थिति की जानकारी लेने के लिए भी उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे।
इससे खासकर दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों का समय और यात्रा खर्च बढ़ता था। कई मामलों में लोगों की दिहाड़ी भी प्रभावित होती थी। RCMS पोर्टल पहले से संचालित था, लेकिन अब इसके माध्यम से पूरे राज्य में वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है।
इससे पहले विभाग ने कुछ चयनित जिलों में पायलट परियोजना के तहत इस व्यवस्था का परीक्षण किया था। इसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से बिहार के सभी 38 जिलों में लागू करने का निर्णय लिया गया। नई व्यवस्था के तहत राजस्व मामलों की सुनवाई ऑनलाइन होगी।
पक्षकार RCMS पोर्टल पर अपने मामले से जुड़े साक्ष्य और दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे। इसके साथ ही वे अपने मामले की स्थिति भी ऑनलाइन देख पाएंगे। सुनवाई की तारीख और समय की जानकारी SMS के अलावा कॉल सेंटर और अन्य वैकल्पिक माध्यमों से भी दी जाएगी।
इससे तकनीकी जानकारी कम रखने वाले लोगों को भी सुनवाई से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी। इस व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि वर्चुअल सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन उपलब्ध रहेगा। इससे सुनवाई की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, राजस्व न्यायालयों के आदेशों की गुणवत्ता की जांच के लिए एक विशेष सेल भी बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य न्यायिक आदेशों की गुणवत्ता में सुधार करना और पूरी व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाना है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं