विपक्षी आईएनडीआईए गठबंधन के शीर्ष नेता चेन्नई में द्रमुक प्रमुख स्टालिन को परिसीमन विधेयक का विरोध करने के लिए मनाने में विफल रहे, क्योंकि स्टालिन ने तमिलनाडु के हित में बिल का समर्थन करने की बात कही। विपक्ष स्टालिन को परिसीमन विधेयक पर मनाने में असफल रहा (फोटो- ) जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में संजय मिश्र, नई दिल्ली।
लोकसभा की 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने के लिए लाए जा रहे परिसीमन से जुड़े 132वें संविधान संशोधन विधेयक की राह रोकने के लिए तुरूप के पत्ते द्रमुक प्रमुख स्टालिन को मनाने की विपक्षी आईएनडीआई गठबंधन की आखिरी कोशिश कामयाब नहीं हो पायी है। विपक्ष के शीर्षस्थ नेता सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी से लेकर ममता बनर्जी का अभूतपूर्व कदम उठाते हुए चेन्नई जाकर स्टालिन से मिलकर उन्हें समझाने का अंतिम प्रयास भी विफल हो गया।
स्टालिन ने विपक्षी नेताओं का शिष्टाचार बस स्वागत सत्कार तो किया मगर परिसीमन बिल का विरोध करने से यह कहते हुए साफ इन्कार कर दिया कि तमिलनाडु के हित में इस विधेयक का समर्थन करने के अलावा द्रमुक के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है। वहीं लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने स्टालिन से मुलाकात के बाद कहा कि द्रमुक जो भी कहे पर हकीकत है कि लोकसभा की सीटों को बढ़ाकर 850 करने से भाजपा को भारत के चुनावी नक्शे को अपने पक्ष में बदलने की ताकत मिल जाएगी और लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।
चेन्नई में स्टालिन को मनाने का प्रयास विफल होने के बाद विपक्षी नेताओं ने वहां से मुंबई रवाना हो गए हैं जहां रात नौ बजे के करीब एनसीपी-एसपी के प्रमुख शरद पवार से उनकी मुलाकात होगी। एनसीपी-एसपी की कार्यकारी अध्यक्ष पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने विपक्षी गठबंधन को को गच्चा देते हुए परिसीमन बिल पर संसद में सरकार का समर्थन करने का फैसला कर पार्टी की ओर से अपने आठ सांसदों के लिए व्हिप जारी कर दिया है।
हालांकि परिसीमन पर समर्थन को लेकर पवार परिवार में मतभेद सामने आ गए हैं और शरद पवार के पोते रोहित पवार ने सुप्रिया के कदम का विरोध करते हुए उन्हें पत्र लिखकर इसे सीनियर पवार की 60 साल की वैचारिक तपस्या भंग करने वाला कदम बताया है। परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन पर द्रमुक तथा एनसीपी-एसपी के सरकार के पाले में जाने के बाद विपक्षी आईएनडीआईए गठबंधन का नेतृत्व कर रही कांग्रेस के पास बिल का रास्ता रोकने के लिए स्टालिन और पवार को वापस लाने के अलावा कोई दूसरा रास्ता बचा नहीं है।
इसीलिए अंतिम प्रयास करने के लिए सोनिया गांधी समेत तमाम शीर्ष विपक्षी नेता रविवार को दो अलग-अलग चार्टर प्लेन में सवार होकर पहले स्टालिन से मिलने चेन्नई पहुंचे और उनसे बातचीत के बाद शाम को शरद पवार से मिलने मुंबई की उड़ान भरी। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं