Bengaluru Metro Pink Line: बेंगलुरु में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने की दिशा में शुक्रवार को एक बड़ी शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के नए एलिवेटेड हिस्से का उद्घाटन किया। करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह रूट यात्रियों के सफर को आसान बनाने के साथ यात्रा का समय भी कम करेगा।
इस नए हिस्से के शुरू होने से बेंगलुरु का चालू मेट्रो नेटवर्क पहली बार 100 किलोमीटर के पार पहुंच गया है। उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने खुद मेट्रो में सफर भी किया। इसके अलावा उन्होंने बेंगलुरु को नई वंदे भारत ट्रेन की सौगात भी दी।
बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का नया एलिवेटेड हिस्सा कालेना अग्रहारा से तवारेकेरे तक बनाया गया है। इस रूट पर कुल 6 स्टेशन हैं। इनमें कालेना अग्रहारा, हुलिमावु, आईआईएमबी (बिलकेहल्ली-आईआईएमबी), जेपी नगर चौथा फेज, जयदेव हॉस्पिटल और तवारेकेरे शामिल हैं।
इस नए रूट से इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मेट्रो की बेहतर सुविधा मिलेगी। रोजाना ऑफिस, कॉलेज और दूसरे कामों के लिए आने-जाने वाले यात्रियों को सड़क पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है। 3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ हिस्सा प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, पिंक लाइन के इस हिस्से को तैयार करने में करीब 3,470 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
यह बेंगलुरु दौरे के दौरान शुरू की जा रही 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का हिस्सा है। इन परियोजनाओं में शहरी परिवहन, बिजली ट्रांसमिशन, सौर ऊर्जा, पेट्रोलियम इंफ्रास्ट्रक्चर, कचरा प्रबंधन और रेलवे से जुड़े काम शामिल हैं। पिंक लाइन का यह एलिवेटेड हिस्सा बड़े मेट्रो प्रोजेक्ट का एक भाग है।
इसके अलावा इस कॉरिडोर का अंडरग्राउंड हिस्सा भी तैयार किया जा रहा है। , इसके 2027 तक पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है। पूरा कॉरिडोर शुरू होने के बाद बेंगलुरु में मेट्रो की पहुंच और बढ़ जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यशवंतपुर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन बेंगलुरु को तटीय कर्नाटक और गोवा से जोड़ेगी। इसके रास्ते में हासन, सकलेशपुर, सुब्रह्मण्य रोड, मंगलुरु, उडुपी, कुंडापुरा, मुरुदेश्वर, गोकर्ण और कारवार जैसे प्रमुख स्टेशन आएंगे।
नई चेयर कार सेवा से यात्रियों को तेज और आरामदायक सफर मिलने की उम्मीद है। दक्षिण पश्चिम रेलवे , 13 नवंबर को दो उद्घाटन विशेष सेवाएं चलाई जाएंगी। इसके बाद ट्रेन का नियमित संचालन 15 नवंबर से शुरू होगा।
बेंगलुरु दौरे से पहले प्रधानमंत्री ने तिरुवनंतपुरम में गोल्डन जुबली एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक की आधारशिला रखी और एस-व्यासा के ऑफ-कैंपस का शुभारंभ किया। इसके बाद वह मैसूर जाएंगे, जहां कॉसमॉस-मैसूरु प्लैनेटेरियम का उद्घाटन करेंगे। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं