Sharad Kapoor: बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर इन दिनों अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। कभी अपनी शानदार पर्सनैलिटी और दमदार एक्टिंग से दर्शकों का ध्यान खींचने वाले शरद कपूर का एक इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह अपने चार पालतू कुत्तों से अलग होते हुए नजर आ रहे हैं।
एक्टर के लिए ये कुत्ते सिर्फ पालतू जानवर नहीं बल्कि उनके परिवार का हिस्सा हैं। मौजूदा शारीरिक परेशानियों और घर की परिस्थितियों के चलते उन्हें फिलहाल अपने इन बेजुबान साथियों को एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजना पड़ा है। वीडियो में शरद कपूर की आंखों से छलकते आंसू देखकर उनके फैंस भी भावुक हो गए हैं।
4 कुत्तों को एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजने की आई नौबत शरद कपूर के इस वीडियो को मुंबई के बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने बताया कि एक्टर इन दिनों कुछ शारीरिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं और उन्हें खुद भी देखभाल की जरूरत है।
घर में उनकी पत्नी और नवजात बच्चा भी रहते हैं। ऐसे में चार कुत्तों की जिम्मेदारी संभालना परिवार के लिए मुश्किल हो गया है। एक्टर शरद कपूर की हुई ऐसी हालत बताया गया कि घर में इन जानवरों की नियमित देखभाल के लिए कोई केयरटेकर भी उपलब्ध नहीं है।
इसी वजह से फिलहाल उन्हें YODA Mumbai के एनिमल वेलफेयर सेंटर में रखने का फैसला लिया गया है, जहां उनकी देखभाल की जा सकेगी। हालांकि शरद कपूर अपने कुत्तों को घर से दूर भेजना नहीं चाहते थे लेकिन मौजूदा हालात में परिवार के पास ये कदम उठाने के अलावा दूसरा रास्ता नहीं था।
वीडियो में शरद कपूर अपने चारों कुत्तों से अलग होने की बात करते हुए काफी भावुक दिखाई दे रहे हैं। एक्टर उन्हें अपने बच्चों की तरह मानते हैं और उनसे गहरा लगाव रखते हैं। उनके लिए इन बेजुबान साथियों से कुछ समय की दूरी भी बेहद मुश्किल हो रही है।
शरद कपूर ने वीडियो में उम्मीद जताई कि जब उनका नया बंगला तैयार हो जाएगा, तब वह YODA से अपने कुत्तों को वापस घर लाने की गुजारिश करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अपने इन 'बच्चों' के बिना नहीं रह सकते। एक्टर को ये चिंता भी सता रही है कि उनसे दूर रहने पर उनके कुत्ते भी उदास हो जाएंगे।
उनकी बातों से साफ है कि वह इस फैसले से खुश नहीं हैं बल्कि परिस्थितियों के कारण ऐसा करने को मजबूर हुए हैं। इस पूरे मामले पर हेमा चौधरी ने भी लोगों से शरद कपूर को लेकर किसी तरह की नकारात्मक टिप्पणी न करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुत्तों को सेंटर भेजने का फैसला जानवरों के साथ क्रूरता का मामला नहीं है।
ये एक्टर और उनके परिवार की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया अस्थायी निर्णय है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं