पटना, 12 नवंबर 2026। बिहार के औद्योगिक विकास को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) राज्य में करीब 2,292 करोड़ रुपये के निवेश से एक मेगा ग्रीनफील्ड एकीकृत विनिर्माण परिसर स्थापित करेगी।
लगभग 100 एकड़ में विकसित होने वाले इस परिसर में खाद्य पदार्थों, दैनिक उपयोग की वस्तुओं और पेय पदार्थों का उत्पादन किया जाएगा। परियोजना से करीब 500 प्रत्यक्ष और 1,500 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व और उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह के मार्गदर्शन में इस निवेश को बिहार की औद्योगिक विकास यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रस्तावित परिसर अगले पांच वर्षों में चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक और स्वचालित उत्पादन लाइनें स्थापित होंगी, जिससे बड़े पैमाने पर उत्पादन और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकेगी। उद्योग विभाग , करीब 15 दिन पहले कंपनी के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर इस परियोजना पर चर्चा की थी।
इसके बाद विभाग ने उपयुक्त भूमि की पहचान, निवेशक संवाद और जरूरी सहयोग की प्रक्रिया तेज की। अब कंपनी ने मुख्यमंत्री के समक्ष परियोजना का प्रस्ताव-सह-विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (Proposal-cum-DPR) प्रस्तुत कर दिया है। सरकार का कहना है कि कम समय में परियोजना की दिशा में हुई प्रगति राज्य की निवेशक-केंद्रित कार्यशैली और उद्योगों के लिए सरल एवं सुगम प्रक्रिया विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
प्रस्तावित परिसर में खाद्य उत्पादों की व्यापक श्रृंखला तैयार की जाएगी। इसमें बिस्कुट, आलू के चिप्स, आटा, सूजी, चावल, मखाना, राइस ब्रान ऑयल और प्रसंस्कृत चना शामिल हैं। वहीं, पेय पदार्थों की श्रेणी में कार्बोनेटेड और नॉन-कार्बोनेटेड शीतल पेय, जूस आधारित पेय, एनर्जी ड्रिंक्स और पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का उत्पादन होगा।
इसके अलावा RCPL के प्रमुख ब्रांड्स Independence, Alan & Tagz’s Chips, Toffeeman, Campa और Lotus सहित अन्य उत्पाद भी इसी परिसर में बनाए जाएंगे। इस परियोजना से केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि बिहार के स्थानीय औद्योगिक और कृषि क्षेत्र को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। खाद्य प्रसंस्करण इकाई के कारण किसानों, स्थानीय उद्यमियों, कच्चे माल के आपूर्तिकर्ताओं और सेवा प्रदाताओं के लिए नए अवसर विकसित होंगे।
कृषि, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स और संबंधित उद्योगों के साथ जुड़ाव बढ़ने से राज्य की औद्योगिक मूल्य श्रृंखला मजबूत होगी। इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि यह निवेश केवल अपनी राशि के लिहाज से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि इससे बिहार में औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाएं भी खुलेंगी।
उन्होंने कहा कि इस तरह का विनिर्माण परिसर खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मजबूती देगा और कृषि तथा उद्योगों के बीच जुड़ाव बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास ऐसा औद्योगिक माहौल तैयार करना है, जहां निवेश से राज्य के भीतर ही मूल्य संवर्धन हो और किसानों, कारोबारियों, उद्यमियों तथा आम लोगों को इसका लाभ मिले।
RCPL की बढ़ती प्रतिबद्धता बिहार की विनिर्माण क्षमता में कंपनी के विश्वास को दर्शाती है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं