Supreme Court Rebukes Bihar Judge: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार (23 नवंबर) को बिहार के एक न्यायिक अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। मामला एक पुलिस अधीक्षक (SP) को अदालत के आदेश की अवहेलना का दोषी ठहराने और उन पर 1 रुपये का जुर्माना लगाने से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट ने जज के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय उन्हें 'बाहुबली' की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक अधिकारी को नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में ट्रेनिंग देने की जरूरत भी बताई। यह मामला बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में तैनात रहे जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश-IV अनिल कुमार से जुड़ा है। उन्होंने 29 सितंबर 2026 को तत्कालीन रोहतास SP रौशन कुमार को एक व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश का पालन नहीं करने का दोषी ठहराया था।
जज ने SP पर प्रतीकात्मक रूप से 1 रुपये का जुर्माना लगाया था और संबंधित टिप्पणी उनके सर्विस रिकॉर्ड में दर्ज कराने के निर्देश भी दिए थे। पटना हाई कोर्ट ने बाद में इस आदेश पर रोक लगा दी। इसके खिलाफ न्यायिक अधिकारी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।
सोमवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर सवाल उठाया कि FIR दर्ज करने के निर्देश का पालन न करने को अदालत के सामने किया गया अपराध मानकर SP को उसी दिन दोषी ठहराना किस हद तक उचित था। मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही थी।
सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति बागची ने न्यायिक अधिकारी की कानून संबंधी समझ और उनके आक्रामक रवैये पर सवाल उठाए। पीठ ने कहा कि न्यायिक अधिकारियों को पहले यह समझना चाहिए कि अदालत के सामने किए गए अपराध और अदालत के आदेश का पालन न करने के मामलों में कानूनी अंतर क्या है।
मुख्य न्यायाधीश ने मौखिक टिप्पणी में कहा कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय संबंधित अधिकारी को बाहुबली जैसा व्यवहार बंद करना चाहिए। अदालत की नाराजगी का मुख्य कारण यह था कि न्यायिक अधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को अदालत के आदेश का पालन न करने के लिए उसी दिन दोषी ठहरा दिया था, जबकि इस तरह की कार्रवाई के लिए संबंधित कानूनी प्रावधानों की सीमाओं को समझना जरूरी है।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 384 और आपराधिक प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 345 के दायरे को समझने पर जोर दिया। पीठ ने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति अदालत में किसी को थप्पड़ मारता है, बदसलूकी करता है या अदालत के निर्देश के बावजूद कोर्ट रूम से बाहर जाने से इनकार करता है, तो यह अदालत के सामने किया गया अपराध हो सकता है।
लेकिन अदालत के निर्देश पर FIR दर्ज नहीं करना अलग तरह का मामला है। इसे सीधे अदालत के सामने किया गया अपराध मानकर उसी प्रक्रिया के तहत दोषी ठहराना उचित नहीं है। जस्टिस बागची ने न्यायिक अधिकारी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें यह भी विचार करना चाहिए था कि जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को बुलाने, उनके पेश न होने को अपराध मानने और सजा सुनाने के दौरान वह अपने अधिकार क्षेत्र में काम कर रहे थे या नहीं।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं