पटना, 10 नवंबर: भारतीय समाज में लंबे समय तक बेटे के जन्म को लेकर विशेष आशीर्वाद और कामनाएं सुनने को मिलती रही हैं। "दूधो नहाओ, पूतो फलो" और "पुत्रवती भव" जैसे आशीर्वाद इसी सोच को दर्शाते हैं। हालांकि, बिहार का छठ महापर्व अपनी एक खास लोकपरंपरा के लिए भी जाना जाता है।
इस पर्व के कई लोकगीतों में महिलाएं छठी मईया से अपने परिवार के लिए बेटी की भी कामना करती हैं। छठ के ये गीत केवल भक्ति और आस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें परिवार, संस्कार, शिक्षा और सामाजिक भावनाओं की झलक भी मिलती है। इन लोकगीतों में बेटी को घर की रौनक और परिवार की खुशियों का प्रतीक माना गया है।
साथ ही, उसके बेहतर भविष्य और योग्य जीवनसाथी की इच्छा भी व्यक्त की गई है। छठ के एक प्रसिद्ध लोकगीत की पंक्तियां हैं— "रुनकी-झुनकी बेटी मांगीला, पढ़ल पंडितवा दामाद, ऐ छठी मईया, दर्शन दिहिन न अपार। " इन पंक्तियों में छठी मईया से बेटी की कामना की गई है।
साथ ही, उसके लिए पढ़े-लिखे वर की इच्छा भी जाहिर की गई है। गीत का भाव बताता है कि बेटी का होना परिवार के लिए कितनी खुशी और महत्व रखता है। इसमें धन-दौलत से अधिक शिक्षा और संस्कार को महत्व देने का संदेश भी दिखाई देता है।
गायिका और शिक्षिका श्रुति मौसम के मुताबिक, छठ के गीतों में बेटी की कामना का भाव विशेष रूप से दिखाई देता है। उन, बिहार में छठ पूजा के अवसर पर महिलाएं अपने परिवार और खानदान के लिए बेटी की कामना करती हैं। छठ के लोकगीतों में बेटी को लेकर उम्मीदें केवल उसके जन्म तक सीमित नहीं हैं।
इनमें उसके सपनों, प्रतिभा और सफलता की कामना भी की गई है। गायक नीलोत्पल मृणाल के एक पारंपरिक छठ गीत में बेटी को सोनचिरैया के रूप में प्रस्तुत किया गया है। गीत की पंक्तियां हैं— "मनसा के ललसा पुरइया हो, हे छठी मईया, अंगना में दे द एगो सोनचिरैया, कि उरके छूई असमनवा, कि जीत आई चांदी और सोनवा।
" इन पंक्तियों में बेटी को सोनचिरैया बताते हुए उसके आसमान छूने और खेलों में चांदी तथा सोने के पदक जीतने की कामना की गई है। इस तरह लोकगीत बेटी के जन्म की इच्छा के साथ उसके आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का सपना भी दिखाता है। छठ के गीत भोजपुरी और मैथिली समेत अलग-अलग भाषाई और सांस्कृतिक परंपराओं में गाए जाते हैं।
भाषा और धुन में अंतर होने के बावजूद इनमें परिवार, संस्कार और संतान की कामना जैसे भाव प्रमुखता से दिखाई देते हैं। मुंबई की रहने वाली प्रिया बताती हैं कि छठ के लोकगीत इस लिहाज से खास हैं कि इनमें बेटी केवल परिवार का हिस्सा नहीं, बल्कि घर की रौनक, शिक्षा और भविष्य की उम्मीद के रूप में सामने आती है।
इन गीतों में बेटी के लिए बेहतर जीवन और योग्य जीवनसाथी की इच्छा भी व्यक्त होती है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं