पटना: बिहार को विकसित राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 12 और 13 जनवरी 2027 को पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार 2027 का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश-विदेश में रह रहे विद्वान, विशेषज्ञ, नीति-निर्माता, उद्योगपति और बिहार प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने सोमवार को पटना के होटल मौर्या में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सम्मेलन की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम के आधिकारिक पोर्टल www. biharconvention27.
com का शुभारंभ भी किया। उप मुख्यमंत्री इस सम्मेलन के संरक्षक हैं। उन्होंने देश-विदेश में बसे बिहार के लोगों, बुद्धिजीवियों और उद्योगपतियों से सम्मेलन में शामिल होकर राज्य के विकास में योगदान देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विकसित बिहार के लक्ष्य को लेकर लगातार काम कर रहे हैं और इस प्रयास को सफल बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी है। सम्मेलन मुख्य रूप से तीन विषयों पर केंद्रित रहेगा। इनमें औद्योगिकीकरण को गति देना, सतत शहरीकरण का प्रबंधन और शिक्षा एवं कौशल विकास शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि यह सम्मेलन बिहार के विकास की नई गाथा लिखने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस तरह की पहल शुरू हुई थी। वर्ष 2007 में आयोजित ग्लोबल मीट ऑन रिसर्जेंट बिहार और 2012 के ग्लोबल समिट ऑन चेंजिंग बिहार ने राज्य की प्रगति को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
अब 2027 का सम्मेलन वर्ष 2047 तक विकसित बिहार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नई रूपरेखा तैयार करने का मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभाशाली युवाओं की बड़ी क्षमता है और युवा ही राज्य का भविष्य हैं। सरकार उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नीति निर्माण और योजनाओं पर काम कर रही है।
सम्मेलन से निकलने वाले व्यावहारिक सुझावों और परिणामों पर सरकार गंभीरता से काम करेगी। उद्योग विभाग के सचिव और बिहार फाउंडेशन के सीईओ कुंदन कुमार ने बताया कि इस सम्मेलन का आयोजन इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट (IHD) और बिहार फाउंडेशन, उद्योग विभाग की ओर से नालंदा विश्वविद्यालय के सहयोग से किया जा रहा है।
मुख्य सम्मेलन से पहले 10 और 11 जनवरी 2027 को प्री-कन्वेंशन अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें देश-विदेश से लगभग 1,500 विद्वानों और विशेषज्ञों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बिहार के विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए साझा रोडमैप तैयार करना है।
यह बौद्धिक विमर्श का मंच होगा, जहां बिहार को समृद्ध, सक्षम, समावेशी और विकसित राज्य बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ एक साथ विचार-विमर्श करेंगे। IHD एवं कन्वेंशन के निदेशक प्रो. अलख एन.
शर्मा ने कहा कि यह आयोजन बिहार के विकास को लेकर समान सोच रखने वाले लोगों को एक मंच पर लाएगा। इसे अंतरराष्ट्रीय समिट की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं