Diljit Dosanjh: पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का 21 नवंबर 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित कॉन्सर्ट इस समय चर्चा में है। एक तरफ हजारों फैंस उनके गानों पर झूमते नजर आए, तो दूसरी तरफ कार्यक्रम के दौरान सामने आए कुछ वीडियोज ने विवाद खड़ा कर दिया है।
वायरल फुटेज में दर्शकों के बीच मारपीट और एक व्यक्ति को ई-सिगरेट का इस्तेमाल करते हुए देखा जा रहा है। इन घटनाओं ने कॉन्सर्ट में सुरक्षा जांच और प्रतिबंधित सामान के एंट्री को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉन्सर्ट के दौरान दर्शकों के बीच मारपीट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ युवक आपस में भिड़ते दिखाई दे रहे हैं।
देखते ही देखते उनके बीच विवाद बढ़ जाता है और बात धक्का-मुक्की से लेकर लात मारने तक पहुंच जाती है। आसपास मौजूद लोग इस घटना को देखते नजर आते हैं जबकि कुछ लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते हैं। किस बात पर शुरू हुआ था विवाद?
हालांकि कुछ देर बाद वहां मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर झगड़े को शांत करा दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान क्या है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद कॉन्सर्ट के माहौल को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मारपीट की घटना के अलावा एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसे गुजरात समाचार ने शेयर किया है। इस फुटेज में एक व्यक्ति कॉन्सर्ट के दौरान ई-सिगरेट का इस्तेमाल करता दिखाई दे रहा है। वह डिवाइस को मुंह के पास ले जाकर धुआं छोड़ता नजर आता है।
कॉन्सर्ट में ई-सिगरेट और वेपिंग डिवाइस ले जाने पर प्रतिबंध होने की बात कही गई थी। ऐसे में वायरल वीडियो के बाद सवाल उठने लगे हैं कि आखिर प्रतिबंधित सामान कार्यक्रम स्थल के अंदर कैसे पहुंचा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कॉन्सर्ट में मौजूद कुछ लोगों ने आयोजन के दौरान हुई असुविधाओं को लेकर भी शिकायतें की थीं।
कार्यक्रम के लिए जारी नियमों के मुताबिक दर्शकों को सिगरेट, ई-सिगरेट, वेप, लाइटर, तंबाकू उत्पाद और नशीले पदार्थ स्टेडियम के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी। इसके अलावा खाने-पीने की चीजें, कांच की बोतलें, कैन, बैनर, पोस्टर, झंडे और कंबल जैसी वस्तुओं पर भी रोक बताई गई थी।
प्रतिबंधित सामान की लिस्ट में स्टफ्ड खिलौने, हैंड फैन, फ्रिसबी, वॉटर गन और हथियार जैसी चीजें भी शामिल थीं। इसके बावजूद वायरल वीडियो में ई-सिगरेट का इस्तेमाल दिखाई देने से आयोजन स्थल पर सुरक्षा जांच कितनी प्रभावी रही, इसे लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि अभी ये जानकारी सामने नहीं आई है कि संबंधित व्यक्ति प्रतिबंधित डिवाइस को स्टेडियम के अंदर कैसे लेकर पहुंचा।
નરેન્દ્ર મોદી સ્ટેડિયમમાં દિલજીતના કોન્સર્ટ દરમિયાન યુવકો વચ્ચે છૂટા હાથની મારામારી @AhmedabadPolice @GCAMotera @diljitdosanjh #ahmedabad #DiljitConcert https://t. co/kDDGYcyt7H।
पाठक प्रतिक्रियाएं