काम और बचपन के बीच तालमेल बिठाते नन्हे सितारे बाल कलाकार सुभाष सिंह काम के बीच रख रहे कंटेंट का ध्यान नन्ही स्टार प्रियांशी राय भी बचपन को खुलकर जीती हैं बाल दिवस के मौके पर नन्हे सितारों ने साझा किया अनुभव प्रियंका सिंह/दीपेश पांडेय, मुंबई: डिजिटल युग में अभिनय की दुनिया सिर्फ कैमरे के सामने एक्शन और कट तक सीमित नहीं रह गई है।
अब इंटरनेट मीडिया पर मौजूदगी भी कलाकारों के काम का अहम हिस्सा बन चुकी है। वयस्क कलाकारों के साथ बाल कलाकारों के लिए भी अब यह एक आवश्यक प्लेटफार्म बन चुका है। हालांकि सेट की लंबी शिफ्टों के बाद इंटरनेट मीडिया ट्रेंड्स का दबाव, फॉलोअर्स की दौड़ और लगातार फोन चलाना भारी पड़ता है।
ऐसे में इसके लिए नन्हें सितारों की अलग रणनीतियां हैं। बाल दिवस पर इसी विषय पर कुछ बाल कलाकारों से बातचीत। धारावाहिक हस्तिनापुर के वीर में भीम की भूमिका निभाने वाले बाल कलाकार सुभाष सिंह बताते हैं, 'आज का दौर पहले से काफी बदल गया है।
अब सोशल मीडिया भी हमारे व्यक्तित्व और काम का हिस्सा बन गया है। आज दर्शक अपने पसंदीदा कलाकार को सिर्फ स्क्रीन पर नहीं, बल्कि उसकी असल जिंदगी भी देखना चाहते हैं। इंटरनेट मीडिया उन्हें हमारे करीब लाता है, लेकिन मेरा मानना है कि कंटेंट क्रिएटर बनने के चक्कर में एक्टर के तौर पर अपनी असली पहचान नहीं खोनी चाहिए।
हालांकि, कभी-कभी लगातार इंटरनेट पर पोस्ट करने का दबाव भी महसूस होता है। इंटरनेट मीडिया पर क्या पोस्ट करना है और क्या नहीं इस बारे में ज्यादातर चीजें मैं खुद ही तय करता हूं। मुझे लगता है कि सोशल मीडिया पर आपका असली व्यक्तित्व दिखना चाहिए।
कई बार आठ-दस घंटों की शिफ्ट करने के बाद ट्रेंड्स ढूंढ़ना और रील्स बनाना काफी मुश्किल होता है। इसलिए मैं कोशिश करता हूं कि जब कभी अच्छा कंटेंट या कोई मजेदार ट्रेंड दिखे, तो उसे नोट कर लूं। मेरे लिए काम और अपनी निजी जिंदगी के बीच संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।
आज के दौर में फोन का इस्तेमाल तो काफी होता है, क्योंकि काम से जुड़ी बातचीत, स्क्रिप्ट, मैसेज और सोशल मीडिया सब फोन पर ही होता है। इसके बावजूद कोशिश रहती है कि बिना वजह फोन न चलाऊं। सुबह उठते ही और सोने से ठीक पहले फोन इस्तेमाल करने से बचने की कोशिश करता हूं।
बचपन में मम्मी-पापा हमेशा कहते हैं कि फोन से ज्यादा जरूरी पढ़ाई, परिवार और अपनी सेहत है। आज भी घर पर कोशिश रहती है कि जब सब साथ बैठें तो फोन एक तरफ रखा जाए। खाली समय में किताब पढ़ना, परिवार के साथ समय बिताना या खुद को थोड़ा वक्त देना बेहतर लगता है।
' धारावाहिक उड़ने की आशा में पंखुड़ी की भूमिका निभाने वाली बाल कलाकार प्रियांशी राय बताती हैं, 'मुझे कैमरे के सामने अभिनय करना, अलग-अलग किरदार निभाना पसंद है, लेकिन मैं अपने बचपन का भी खूब आनंद लेना चाहती हूं। सोशल मीडिया मेरी आंटी संभालती हैं। मैं तो बस अपनी मुस्कान और मस्ती के साथ खुश रहना चाहती हूं।
मुझे इंस्टाग्राम पर वीडियो और तस्वीरें डालना भी अच्छा लगता है, लेकिन मैं अभी छोटी हूं, इसलिए मेरी आंटी इंस्टाग्राम संभालती हैं और मेरा पूरा ध्यान अभिनय, पढ़ाई और खेलने पर रहता है। आंटी ही तय करती हैं कि कौन-सी तस्वीर या रील पोस्ट करनी है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं