उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के निधन के बाद उनको याद करते हुए एक भावुक पत्र लिखा है। इस चिट्ठी में उन्होंने मां के साथ जुड़ी यादों, उनके प्यार, संस्कारों और जीवन में मां की जगह के बारे में अपने दिल की बात कही है। लेकिन इस पत्र का सबसे भावुक हिस्सा वह है, जब योगी आदित्यनाथ ने संन्यास लेने के कुछ साल बाद अपने घर पहुंचकर मां से भिक्षा मांगी थी।
भगवा वस्त्र पहने अपने ही घर की चौखट पर खड़े योगी, सामने मां और दोनों के बीच हुई बातचीत का यह किस्सा उनके जीवन के उस हिस्से को सामने लाता है, जो आम तौर पर सार्वजनिक चर्चा में कम दिखाई देता है। योगी ने बताया कि मां ने बेटे के संन्यासी बनने के फैसले का सम्मान किया, भले ही उस पल उनके मन में कई सवाल थे।
'यह पाती हर मां के नाम है' सीएम योगी ने अपनी चिट्ठी की शुरुआत मां के महत्व को याद करते हुए की। उन्होंने इसे सिर्फ अपनी मां के लिए लिखी चिट्ठी नहीं, बल्कि हर उस मां को समर्पित संदेश बताया, जिसके बिना किसी का जीवन पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने मां को जीवन देने वाली ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और इंसान के संस्कारों की नींव बताया।
अपनी बात रखते हुए योगी ने मां के रिश्ते को आध्यात्मिक नजरिये से भी जोड़ा। उनके मुताबिक, मां का स्थान इतना बड़ा है कि वह किसी भी रिश्ते की जगह ले सकती है, लेकिन मां की जगह दूसरा कोई नहीं भर सकता। योगी ने मां की ममता को दुनिया की सबसे खूबसूरत भावना बताया।
उनके पत्र में रामायण और श्रीकृष्ण की कथाओं का भी जिक्र है। उन्होंने मां कौशल्या के आशीर्वाद, भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद माता की इच्छा से गोकुल पहुंचने और मां के संस्कारों से ध्रुव और प्रह्लाद जैसे बच्चों के जीवन की दिशा बदलने की बात लिखी। CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन, गांव में ली अंतिम सांस मां के जाने से सिर्फ एक रिश्ता नहीं छूटता योगी आदित्यनाथ ने पत्र में लिखा कि मां का दुनिया से चले जाना सिर्फ परिवार के एक सदस्य को खोना नहीं है।
इससे इंसान के जीवन में वह भावनात्मक सहारा भी खत्म हो जाता है, जो उसे बिना किसी शर्त के मिलता है। मां का प्यार, मुश्किल वक्त में हौसला, घर लौटने पर मिलने वाली अपनापन भरी छांव और बिना कुछ कहे मन की बात समझ लेने वाला रिश्ता, इन सबकी कमी मां के जाने के बाद महसूस होती है।
सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते। हां, हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं।
सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहा हूं। प्रत्येक माँ के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि आज हर प्रदेशवासी यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित माँ का संबल बनेगा, किसी वंचित माँ की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी माँ के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएगा।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं