बिहार में मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा में है। शादी के लिए जिस तरह की भव्य तैयारियां की जा रही हैं, उसमें मेहमानों के लिए शाही इंतजाम, सैकड़ों तरह के पकवान, बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम और घुड़दौड़ तक शामिल हैं। लेकिन इस समारोह की चमक-दमक के बीच समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी ने बिहार की गरीबी का मुद्दा उठाते हुए सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिवानंद तिवारी का कहना है कि जिस राज्य में बड़ी संख्या में बच्चे कुपोषण का सामना कर रहे हैं और परिवार गरीबी से जूझ रहे हैं, वहां शादी के नाम पर बेहिसाब धन का प्रदर्शन ठीक नहीं है। उन्होंने इसे गरीबों के जले पर नमक छिड़कने जैसा बताया है। उनकी नाराजगी सिर्फ शादी के खर्च तक सीमित नहीं है।
उन्होंने इस तरह के आयोजनों में शामिल होने वाले बड़े नेताओं और सत्ता में बैठे लोगों पर भी सवाल उठाए हैं। शिवानंद तिवारी ने शाही शादी पर क्यों उठाए सवाल? समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस शादी के आयोजन पर निशाना साधा है।
हालांकि उन्होंने अपनी पोस्ट में अनंत सिंह का नाम सीधे नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी शादी में होने वाले भारी खर्च और धन के प्रदर्शन को लेकर थी। शिवानंद तिवारी ने बिहार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में विकास के नाम पर बड़ी सड़कें और राजधानी में चमक-दमक जरूर दिखाई देती है, लेकिन आम लोगों की जिंदगी अब भी मुश्किलों से भरी है।
उनके मुताबिक, बिहार में बच्चों के पोषण की स्थिति बेहद खराब है। करीब 40 से 45 प्रतिशत बच्चों को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता। इसका असर उनकी उम्र के हिसाब से लंबाई और लंबाई के अनुपात में वजन पर पड़ता है।
उनका तर्क है कि ऐसे राज्य में शादी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करना और खुले तौर पर वैभव दिखाना समाज के कमजोर वर्ग के प्रति संवेदनशीलता की कमी को दिखाता है। उन्होंने इस तरह के आयोजन को बिहार की गरीबी का मजाक उड़ाने जैसा बताया। अनंत सिंह की बेटी की शादी की तैयारियां तेज, नीतीश से तेजस्वी तक सबको न्योता, किसकी एंट्री बैन?
शादी में शामिल होने वाले बड़े नेताओं पर भी निशाना शिवानंद तिवारी ने शादी के बहाने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी तंज कसा है। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि समारोह में मंत्री, बड़े राजनीतिक चेहरे और संभवतः मुख्यमंत्री भी पहुंचेंगे। उनका सवाल है कि जब राज्य में गरीबी और बच्चों के पोषण जैसे मुद्दे मौजूद हैं, तब ऐसे आयोजन में शामिल होकर नेता किस तरह के सामाजिक संदेश दे रहे हैं।
शिवानंद तिवारी के मुताबिक, बड़े नेता जब इस तरह के धन प्रदर्शन वाले समारोहों में शामिल होते हैं तो उनके पहुंचने से आयोजन को सामाजिक स्वीकार्यता मिलती है। उन्होंने इस पर भी नाराजगी जताई कि समाज में लोग इस तरह के दिखावे पर सवाल उठाने के बजाय तालियां बजाते हैं। उनके मुताबिक, यही सोच समाज के बदलते चरित्र को दिखाती है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं