पटना, 23 नवंबर: बिहार में राजस्व न्यायालयों की कार्यवाही को डिजिटल, पारदर्शी और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के तहत वर्चुअल सुनवाई व्यवस्था का शुभारंभ किया।
इस नई व्यवस्था के लागू होने से राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में मामलों की सुनवाई ऑनलाइन माध्यम से की जा सकेगी। अब लोगों को राजस्व मामलों की सुनवाई के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों और न्यायालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आम नागरिक डिजिटल माध्यम से अपने मामलों की सुनवाई में शामिल हो सकेंगे।
इससे समय और संसाधनों की बचत होगी, साथ ही राजस्व न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ कम करने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली के तहत वर्चुअल सुनवाई शुरू होने से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
राज्य में राजस्व से जुड़े करोड़ों आवेदन और मामले लंबित हैं। ऐसे में डिजिटल सुनवाई की व्यवस्था मामलों के निष्पादन में तेजी लाने और न्यायालयों की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल सरकार के सात निश्चय-3 के तहत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्चुअल सुनवाई से लोगों के समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी। अब दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुनवाई के लिए राजस्व न्यायालयों तक पहुंचने में समय और पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा। इस व्यवस्था से विशेष रूप से गरीब, कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी।
वे घर बैठे या किसी सुविधाजनक स्थान से डिजिटल माध्यम से सुनवाई में शामिल हो सकेंगे, जिससे राजस्व मामलों की प्रक्रिया अधिक सुलभ बनेगी। RCMS के तहत वर्चुअल सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे सुनवाई की प्रक्रिया का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और कार्यवाही में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पारित आदेशों की नियमित जांच के लिए विशेष सेल का गठन किया जाए। इस सेल के माध्यम से आदेशों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता की समीक्षा की जाएगी, ताकि राजस्व न्यायालयों के फैसलों में सुधार सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था के बारे में आम लोगों को व्यापक स्तर पर जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि सुनवाई की तारीख और समय की सूचना SMS के माध्यम से भेजने के साथ-साथ अन्य वैकल्पिक माध्यम भी उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए कॉल सेंटर की व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया, ताकि संबंधित पक्षकारों को सुनवाई की जानकारी समय पर मिल सके और किसी को सूचना प्राप्त करने में परेशानी न हो।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं