पटना, 13 नवंबर 2026। बिहार के दो मेधावी विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धि से राज्य का मान बढ़ाया है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दोनों छात्रों को सम्मानित किया।
सम्मान पाने वाले विद्यार्थियों में सुभाष कुमार टुडू और अजय बास्के शामिल हैं। दोनों जमुई जिले के झाझा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, आस्ता के छात्र हैं। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़ा के तहत गुरुवार को यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
दोनों विद्यार्थियों ने शैक्षणिक सत्र 2024-26 में अपने-अपने संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया था। विद्यालय के कला संकाय में सुभाष कुमार टुडू ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, विज्ञान संकाय में अजय बास्के 79.
4 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में टॉपर रहे। शैक्षणिक क्षेत्र में उनकी इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें सम्मानित किया गया। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सुभाष कुमार टुडू मूल रूप से बांका जिले के चंदन प्रखंड के मुरफोरवा गांव के निवासी हैं। उनके पिता का नाम विनय कुमार टुडू और माता का नाम मीना देवी है। वहीं, अजय बास्के जमुई जिले के झाझा प्रखंड के जुरपनिया गांव के रहने वाले हैं।
उनके पिता का नाम लम्बू बास्के और माता का नाम बड़की मुर्मू है। बिहार सरकार जनजातीय समुदाय के युवाओं और विद्यार्थियों की शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रही है। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।
राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होकर सुभाष कुमार टुडू और अजय बास्के ने न केवल अपने विद्यालय, बल्कि बिहार को भी गौरवान्वित किया है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं