Yamuna Expressway Bus Fire: उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार देर रात एक चलती बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। बस में उस वक्त करीब 40 यात्री सवार थे। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि, चालक की सतर्कता ने बड़ा हादसा होने से बचा लिया। उसने तुरंत बस रोककर सभी यात्रियों को बाहर निकलने में मदद की। राहत की बात है कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही थी। रात करीब 2 बजे मथुरा के राया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 110 के पास अचानक बस में आग लग गई। शुरुआती जानकारी में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
ड्राइवर की सूझबूझ से बची 40 यात्रियों की जान बस में आग लगते ही चालक ने बिना देर किए गाड़ी रोक दी। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बस में मौजूद सभी 40 लोग समय रहते बाहर आ गए।
घटना में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ देर में लपटों पर काबू पा लिया।
शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है। एक्सप्रेस-वे पर बस में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। करीब एक महीने पहले 6 अक्टूबर को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर भी ऐसा ही हादसा हुआ था।
नोएडा से आगरा जा रही तेज रफ्तार स्लीपर बस में अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते पूरी बस जलकर खाक हो गई। यह घटना ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में हुई थी।
हालांकि, उस समय भी यात्रियों को समय रहते बस से उतार लिया गया था। किसी की जान नहीं गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं।
उस घटना में आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई थी। यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस में आग लगने की घटनाएं पहले भी जानलेवा साबित हो चुकी हैं। 24 सितंबर को इसी एक्सप्रेस-वे पर एक चलती स्लीपर बस में भीषण आग लग गई थी।
इस हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई थी। आग फैलने के बाद बस में चीख-पुकार मच गई थी। कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई थी।
पुलिस ने मामले में बस चालक और कंडक्टर को हिरासत में लिया था। इसके अलावा 26 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में सड़क किनारे खड़ी एक प्राइवेट बस में भी आग लग गई थी। उस वक्त बस खाली थी, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ।
हालांकि, आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और वह जलकर खाक हो गई। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं